मतावली पट्टी गांव में बुखार से पीड़ित युवक की मौत हो गई। मेरठ के एक निजी अस्पताल में बुधवार की रात युवक ने दम तोड़ा। परिवार के लोग आधी रात में युवक के शव को लेकर घर पहुंचे जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मतावली पट्टी जग्गू गांव निवासी उमराव सैनी के 18 वर्षीय बेटे रिंकू को एक महीने पहले बुखार आया था। उमराव सैनी की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए परिजन कुछ दिनों तक तो छोलाछाप चिकित्सक से उपचार कराते रहे लेकिन हालत में सुधार नहीं आया।
अंतत: परिजन रिंकू को पाकबड़ा स्थित डेंटल कालेज ले गए। वहां से डाक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में बुधवार की रात उसकी मौत हो गई। रिंकू की मां ने बताया कि वह टायफाइड से पीड़ित था। घर का सामान बेचकर उपचार कराया लेकिन कुदरत को शायद कुछ और ही मंजूर था।