चंदौसी। बनियाठेर थाना क्षेत्र के बनियाखेड़ा गांव में शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे एसएम कालेज के बीएम फाइनल के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उस समय छात्र अपने फूफा के साथ बाइक से मंदिर में पूजा करने जा रहा था। फूफा ने किसी तरह बचकर जान बचाई और परिजनों को जाकर जानकारी दी। घटना के पीछे मृतक के बड़े भाई द्वारा हत्यारोपियों के परिवार की युवती को ले जाने की रंजिश बताई जा रही है।
बनियाठेर थाने के गांव बनियाखेड़ा की मड़ैया निवासी प्रवीण कुमार (20) पुत्र करन पाल एसएम कालेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। शनिवार को उसके फूफा मोहनलाल निवासी ग्राम गुदनी थाना बिल्सी बदायूं भी उसके घर आए थे। शनिवार की शाम साढ़े छह बजे प्रवीण कुमार बाइक से फूफा के साथ गांव भुलावई स्थित हाईवे किनारे बने मंदिर पर पूजा करने जा रहा था। जब वह गांव से बाहर पहुंचा तो कुछ लोगों ने उसकी बाइक सामने आकर रोक ली। उससे उसके भाई के बारे में पूछने लगे। इसी दौरान एक ने सीने से तमंचा सटाकर उसे गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगते देख फूफा डरकर वहां से भाग निकला। उसने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी तो परिजन मौके की ओर दौड़े। पिता प्रवीण को चंदौसी के संयुक्त चिकित्सालय लेकर भागा लेकिन डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी डा. केके सरोज व बनियाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता करन सिंह ने बताया कि घटना के पीछे गांव की ही रंजिश है। उसने बताया कि उसका बड़ा पुत्र शिवेंद्र गांव की ही एक युवती को तीन माह पूर्व भगा ले गया था, जिसमें कोर्ट मैरिज भी कर ली। दोनों गाजियाबाद में रहने लगे। इधर युवती के परिजन उसके परिवार से रंजिश मानने लगे। प्रवीण की हत्या में युवती के परिजनों का ही हाथ है, उन्हीं ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। प्रवीन की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। पुलिस पंचनामा भर शव के पोस्टमार्टम की तैयारी कर रही थी।
हत्या की पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। मृतक का बड़ा भाई गांव की युवती को भगा ले गया था। इस पर वारदात को अंजाम देने की बात अभी तक सामने आई। मृतक के फूफा से बात करने के बाद कुछ जानकारी मिल सकेगी। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। डा. केके सरोज, क्षेत्राधिकारी चंदौसी।
युवती ने परिजनों से जताया था जान का खतरा
चंदौसी। युवती के परिजनों ने थाने में तो युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी लेकिन जैसे ही उन्हें उसे गांव के ही युवक द्वारा ले जाने की जानकारी हुई तो तभी से परिजन दोनों को तलाश करने लगे थे लेकिन युवती ने 19 सितंबर को हरियाणा के पिजौर थाना पुलिस को एक प्रार्थना पत्र देकर अपने ही परिजनों से खुद को व अपने पति को जान का खतरा बताया था। इसमें उसने यह भी बताया था कि उसके परिजन 10 जुलाई से उसे तलाश कर रहे हैं। वह कई बार उसे तलाश करते हुए विभिन्न स्थानों पर पहुंचे हैं, जबकि उसने अपनी मर्जी से शादी की है।