मुरादाबाद रोड स्थित हिंदुस्तान मिंट एंड एग्रो प्रा.लि. देवरखेड़ा में शनिवार को तड़के करीब चार बजे शार्ट सर्किट आग लग गई। जिससे यहां खलबली मच गई। तीन दमकलों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। फिर भी मैंथा फैक्ट्री को करीब 75 लाख रुपये का नुकसान हो गया।
शहर के बड़े उद्योगपति व मैंथा एसोसिएशन के प्रांतीय नेता बाबू फूल प्रकाश वार्ष्णेय की मुरादाबाद रोड पर ग्राम देवरखेडा के निकट हिंदुस्तान मिंट एंड एग्रो के नाम से मैंथा फैक्ट्री है। शनिवार की सुबह चार बजे अचानक आग लग गई। जिसकी जानकारी उस समय हुई जब प्लांट के हिस्से से धुआं निकलता कुछ कर्मचारियों ने देेखा।
सूचना पर अग्निशमन केंद्र से दमकल मौके पर पहुंची। फैक्ट्री स्वामी फूलप्रकाश वार्ष्णेय अपने पुत्र भुवनेश वार्ष्णेय के साथ पहुंचे। आग बढ़ते देखकर संभल व चंदौसी की तीन दमकलों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
आग की चपेट में आकर 75 लाख का नुकसान होना बताया जा रहा है। फूलप्रकाश वार्ष्णेय ने बताया कि फैक्ट्री के परफ्यूमरी सेक्टर में डीएमओ से टर्पिन व रॉ मैटेरियल तैयार होता है। इसमें काफी महंगे उपकरण होते है। प्लांट का कूलिंग पावर, गिलास, लाइन रियेक्टर तथा मशीन अंदर के कलपुर्जे व आठ व साथ ड्रम मैंथा तेल से तैयार प्रोडक्ट जलकर राख हो गए। आग से 50 लाख तैयार माल तथा 25 लाख के उपकरण आग की चपेट में आकर राख हो गए।