बैंक के द्वार कैश लेने के लिए पहुंची वैन में फायर होते ही कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जो गार्ड कैश वैन में तैनात था उसके कंधे में कुछ छर्रे लगे थे लेकिन इस मामले को बैंककर्मियों और कैश वैन के संचालक ने दबा दिया।
न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही बैंक अधिकारियों को सूचित किया गया। अलबत्ता बैंक के गार्ड का एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार हुआ है।
घटनाक्रम के मुताबिक प्रथमा बैंक के लिए कैश लाने ले जाने का काम कर रही एक वैन मंगलवार को खिरनी शाखा में कैश लेने गई थी। वहां पर कैश लेने के लिए जैसे ही वैन का द्वार खोला जाना था उसी वक्त अचानक बंदूक का ट्रिगर किसी तरह से दब गया।
फायर हुआ और फायर की आवाज से आसपास के लोग दौड़ पड़े। मौके पर दो पुलिसकर्मी भी तैनात थे। वे भी पहुंचे। देखा तो गार्ड के कंधे को कुछ छर्रे छूते हुए कुछ छर्रे गुजरे थे जिससे वह मामली तौर पर घायल हुआ था। आनन-फानन में उस गार्ड को संभल के निजी अस्पताल भेजा गया है लेकिन बैंक अधिकारी और कैश वैन में तैनात कैश अफसर ने यह कहकर घटना की जानकारी देने से इनकार किया कि कोई खास बात नहीं थी।