भाई को पीट रहे युवकों पर हमलावर हो गई। पीट रहे युवकों ने तमंचा निकालकर उसे गोली मार दी। गंभीर घायल युवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
क्षेत्र के कुशावली गांव निवासी सुनील कुमार अपनी पत्नी सीमा (30) के साथ मंगलवार को बाइक पर अपनी ससुराल गुन्नौर के रायपुर गांव पहुंचा। घर पहुंचने ही वाला था कि सुबह करीब नौ बजे रायपुर में पहले से ही उसके भाई भूरा को गांव के ही जयप्रकाश, राजेश, वीरेंद्र, सोमवीर, ऋषिपाल व जोगेंद्र आदि युवक पीट रहे थे। भाई को पिटते देख बहन से रहा नहीं गया और पति को दरवाजे पर ही छोड़कर भाई को बचाने को दौड़ पड़ी।
पीटने वाले युवकों की संख्या अधिक थी लेकिन इसके बावजूद सीमा ने हमलावर होकर उनके छक्के छुड़ा दिए। आरोप है कि उसका विकराल रूप देखकर वीरेश ने तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली सीमा की जांघ में लगी। जिससे गांव में खलबली मच गई। घायल होकर वह वहीं गिर गई।
आरोपी मौके से भाग गए। आसपास के ग्रामीण दौड़े। परिजन भी पहुंच गए। घायल सीमा को लेकर गुन्नौर थाने पहुंचे। वहां से उसे राजकीय हास्पिटल ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीमा के पिता अतर सिंह ने छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष के उदयवीर ने भी भूरे, दानवीर व कल्याण के खिलाफ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करने के आरोप में एफआईआर कराई है।