चंदौसी। शहर कोतवाली केे गांव रुस्तमगढ़ उगिया में नाली के पानी निकासी को लेकर सोमवार की सुबह दो पक्ष सामने आ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग की गई। पुलिस मौके से चार लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आई। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
ग्राम पतरौआ में नई सड़क का निर्माण किया गया है। जिसमें गांव की नाली का पानी सतेंद्र के घर की ओर जा रहा है। इसका सतेंद्र ने विरोध किया तो दूसरे पक्ष के महेश, राजपाल व तेजपाल आमने-सामने आ गए।
दोनों पक्षों मेें जमकर लाठी-डंडे चले और एक पक्ष की ओर से चार राउंड हवाई फायरिंग की गई। जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। एक पक्ष के राजपाल सिंह का आरोप है कि सतेंद्र व उसका परिवार उसके व अन्य लोगों के घरों का पानी बंद करना चाहते हैं।
इसी को लेकर सुबह करीब 11 बजे हाथ में लाठी-डंडे लेकर आ गए और पानी बंद करने लगे। विरोध करने पर गाली गलौज कर जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए मौके पर फायरिंग की गई। जिसमें राजपाल बाल-बाल बच गया।
गनीमत यह रही कि विवाद में कोई घायल नहीं हुआ। जबकि दूसरे पक्ष के सतेंद्र ने आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस व यूपी-100 पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आई। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्योंकि दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास हो रहे हैं।