फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुन्नौर में नहीं रुक रहा बालू का अवैध खनन

विज्ञापन
विज्ञापन
संभल/बबराला। सरकार की सख्ती और जिला प्रशासन के निर्देश के बाद भी गुन्नौर क्षेत्र में बालू के अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। यहां से रोजाना आधी रात के बाद महावा नदी के किनारे बालू का खनन कर ट्रैक्टर-ट्राली बहजोई और चंदौसी को जा रहीं हैं। साथ ही सड़क निर्माण की सामग्री में बालू का प्रयोग किया जा रहा है। खनन माफिया रात में अधिकारियों की निगरानी कराते हैं और बालू ले जाने वाले वाहनों की कार व बाइक से सुरक्षा करते हैं। जिससे बालू के अवैध खनन का काला कारोबार जिले के राजस्व को लगातार चूना लगा रहा है।
विज्ञापन

गुन्नौर तहसील के दीपपुर सैलाब में निजी भूमि पर बालू खनन के पट्टे के बहाने जमकर अवैध खनन हो रहा है। छोटे व मध्यम वर्ग के किसानों के खेत दबंगई के बल पर खोद दिए गए हैं। जहां किसानों ने आक्रोशित होकर खनन रुकवाया और विधायक से शिकायत की।
विधायक ने शासन में शिकायत की तो प्रशासन ने खनन के प्वाइंट को सीज करा दिया। जिसके बाद जुनावई क्षेत्र के साधु मढ़ी आश्रम के निकट संभल जनपद की सीमा में अलीगढ़ के खनन कारोबारी ने गंगा नदी बहाव क्षेत्र बदलने का फायदा उठाकर बालू का अवैध खनन किया।
विज्ञापन

विधायक ने स्थानीय प्रशासन पर मिली भगत का आरोप लगाया। जिसे अमर उजाला ने प्रमुुखता से प्रकाशित किया और जिला प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ी। एक सप्ताह बीता नहीं कि जुनावई के कादराबाद में बालू का अवैध खनन फिर से शुरू हो गया है।
जहां से बालू को सड़क निर्माण के लिए प्रयोग किया जा रहा है। ऐसा नहीं है कि प्रशासन को इसकी भनक नहीं है। बताया जा रहा है सड़क निर्माण में प्रयोग किए जा रहे बालू पर सरकार के एक कद्दावर मंत्री का दबाव है। इसके अलावा गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र की महावा नदी पर भी आधी रात के बाद खनन हो रहा है। जहां से निकलने वाले ट्रैक्टर-ट्राली मुुख्य मार्ग से न गुजरकर पतरिया मार्ग को अपना रहे हैं।
साथ ही खनन कारोबारी अधिकारियों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह बाइक से निगरानी करा रहे हैं। खनन कारोबारियों के करीबी सूत्रों की मानें तो रात्रि में एक बाइक एसडीएम आवास की गतिविधियों पर भी नजर रखती है। जिससे बालू के अवैध खनन का काला कारोबार खूब तरक्की कर रहा है।

शासन में गूंजेगा बालू के अवैध खनन का मुद्दा
संभल/बबराला। गुन्नौर तहसील में गंगा और महावा नदी के किनारे हो रहे बालू के अवैध खनन पर तल्ख तेवर दिखाने वाले क्षेत्रीय विधायक नेे इसे उच्च स्तर पर उठाने की रणनीति तैयार कर ली है। इसके लिए खनन से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
जिसमें खनन के दौरान के वीडियो क्लिप भी एकत्रित किए जा रहे हैं। गुन्नौर के भाजपा विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव के मुताबिक प्रशासनिक शिथिलता के चलते गुन्नौर तहसील के कुछ स्थानों पर बालू का अवैध खनन हो रहा है।
जहां विरोध किया जाता है वहां खनन बंद करा दिया जाता है लेकिन नई जगह शुरू कर दिया जाता है। अब बालू का खनन करके उसे सड़क निर्माण की सामग्री में मिलाया जा रहा है। जिससे कार्यदायी संस्था के द्वारा सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है। जिनसे संबंधित सभी साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। कई स्थानों की वीडियो क्लिप एकत्रित की गईं है। जिन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
-------------------------
जिले में कहीं भी अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन बेेहद सख्त है। अगर रात में कहीं से ट्रैक्टर-ट्राली गुजर रहे हैं तो वहां की पुलिस को भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। असमोली क्षेत्र में भी खनन की रिपोर्ट एसडीएम से मांगी गई है।- लव कुुश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी , संभल।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें