संभल। अमरोहा में आतंकी कनेक्शन और संदिग्धों की गिरफ्तारी और नए साल के आगमन के चलते जिले की पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने और चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिले का खुफिया तंत्र भी सतर्कता बनाए हुए है और आंतरिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस इस चेकिंग को नववर्ष के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करना भी बता रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश के बाद पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया है। चौबीस घंटे तक चलने वाले इस चेकिंग अभियान में सभी वाहनों को चेक किया जाएगा। साथ ही संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग और निगरानी बनाई जाएगी।
पुलिस की सतर्कता अमरोहा में आतंकी कनेक्शन के चलते बढ़ी है। चूंकि संभल जनपद अमरोहा का पड़ोसी जनपद है और पूर्व में आतंकी गतिविधियों के तार संभल से जुड़ते रहे हैं। जिसके चलते जिले का खुफिया तंत्र भी आंतरिक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस ने नववर्ष के आगमन पर होने वाले जश्न के कार्यक्रम में किसी तरह की चूक न हो इसके लिए पहले से सुरक्षा चाक चौबंद करने का निर्णय लिया है।
----------------------------
अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश के बाद जिले में चौबीस घंटे चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। नए साल के आगमन पर हंगामा होने की स्थिति में पुलिस सतर्कता बरत रही है। संदिग्धों पर भी नजर बनाई जा रही है। - यमुना प्रसाद, पुलिस अधीक्षक संभल।