चंदौसी (संभल)। बनियाठेर थाना पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर जा रही एक टवेरा गाड़ी को दौड़ाया तो गाड़ी आगे जाकर पलट गई। इसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन बैलों को बरामद किया गया है। चार आरोपी भागने में कामयाब हो गए हैं।
बनियाठेर थाना पुलिस को पशुओं की तस्करी कर टवेरा गाड़ी में ले जाए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने गाड़ी की घेराबंदी शुरू कर दी। मुरादाबाद रोड पर ग्रीन चंदौसी के पास टवेरा दिखी तो उसने रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने रफ्तार और तेज कर दी। पुलिस ने पीछा किया तो हड़बड़ाहट में चालक का संतुलन खो गया और टवेरा खेत में जाकर पलट गई। इसमें चार लोग उतरकर भाग गए लेकिन दो आरोपियों सलीम निवासी थांवला व इकबाल निवासी मोहल्ला ठाकुरान बिलारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गाड़ी से तीन बैल बरामद व चाकू बरामद किए गए हैं। गोवंशीय पशुओं को वध के लिए बिलारी की ओर से चंदौसी लाया जा रहा था। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।