संभल/मुरादाबाद। एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए संभल जा रहे हरथला निवासी कारपेंटर और उसके बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। पिता - पुत्र की बाइक अनियंत्रित होकर संभल से पहले फिरोजपुर के पास डिवाइडर में जा घुसी। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
संभल कोतवाली क्षेत्र में यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। संभल - मुरादाबाद मार्ग स्थित गांव फिरोजपुर के नजदीक एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बाइक सवार हरथला निवासी नईम (42) पुत्र तसलीम और उनके 18 वर्षीय बेटे फैजान को गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पहुंची एंबुलेंस से दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने फैजान को देखते ही मृत घोषित कर दिया। नईम को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर किया गया। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी फरजाना ने बताया कि उनके पति नईम कारपेंटर का कार्य करते थे और बेटा फैजान हार्डवेयर का काम सीख रहा था। फैजान अपने दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। परिजनों ने घटना की बाबत अभी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।