मुरादाबाद। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर माहौल को खराब करने के लिए महापुरूषों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वालों से निपटने के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। सभी थानाक्षेत्रों में पुलिस ने शांति सुरक्षा समिति के पदाधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। खुद पुलिस ने भी चौकसी बढ़ा दी है।
शरारती तत्वों द्वारा साजिश के तहत कई बार पूर्व में माहौल बिगाड़ने के लिए महापुरूषों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके बाद माहौल को काबू कर पाना पुलिस के लिए चुनौती होता है, कई बार हिंसक वारदातें होने का भी खतरा बढ़ जाता है। लोकसभा चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में वोटों का धुव्रीकरण करने और माहौल को बिगाड़ने के लिए महापुरूषों की प्रतिमा को निशाना बनाया जा सकता है। खूफिया विभाग से भी पुलिस को इसके संबंध में इनपुट मिला है, क्योंकि हाल ही में ऐसी वारदात दूसरे जिले में हुई है। एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि पूर्व में हुई घटनाओं के बाद ऐसे लोगों का एक ग्रुप बनाया गया है, जो कि प्रतिमाओं की देखभाल करते हैं। उन लोगों के साथ बैठक कर सतर्क रहने के लिए सभी एसएचओ को कहा गया है। इसके साथ ही रात को पुलिस ऐसे स्थानों पर गश्त भी करेगी, जिससे की प्रतिमा को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सके।