चंदौसी। कोतवाली के मोहल्ला शक्तिनगर में परिजन सोते रहे गए और चोर नगदी समेत करीब डेढ़ लाख की संपत्ति चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब परिजन सोकर उठे। गृहस्वामी ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी है।
शहर के मोहल्ला शक्तिनगर निवासी प्रदीप कुमार संभल के सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक हैं। प्रदीप शनिवार की रात परिवार के साथ एक कमरे में सोया हुआ था। रात में चोर किसी समय छत के रास्ते से घर में घुस आए। प्रदीप की पत्नी का बैग खूंटी पर लटका हुआ था। चोर इस बैग को साफ कर ले गए। जिसमें एक मोबाइल, एक गले का सोने का सेट, चार सोने के कंगन, सोने का हार, चांदी की पाजेब, नाक की लौंग, बिछुवा और 15 हजार की नगदी थी। चोर छत के ही रास्ते बाहर चले गए। चोरी की जानकारी उस समय हुुई जब प्रदीप सोकर उठा तो उसका मोबाइल गायब था। जब बैग पर नजर गई तो बैग न देखकर वह सन्न रह गया। इसके बाद उसे चोरी की जानकारी हुई। प्रदीप कुमार ने जब छत पर जाकर देखा तो एक अंगूठी और चेन पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। पीड़ित ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी है।