कुढ़फतेहगढ़/चंदौसी। थाना क्षेत्र के गांव दियौरा खास में चल रहे दो दिवसीय ध्वजा मेले में लगी चाऊमीन व मोमोज की दुकान में गैस सिलिंडर से गैस लीक होने से सोमवार को आग लग गई, जिससे मेले में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मेले में तैनात दमकल ने 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में दुकानदार झुलस गया और उसकी दुकान का सामान भी जल गया। आग बुझने के बाद मेले में आए लोगों ने राहत महसूस की।
गांव दयौरा खास में दो दिवसीय ध्वजा मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में आसपास क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। मेले में गांव के ही नितिन कुमार चंद्रवंशी ने टेंट में चाऊमीन व मोमोज की दुकान लगा रखी है। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे गैस सिलिंडर से गैस लीक होने पर सिलिंडर के पाइप ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने टेंट के कपड़े को चपेट में ले लिया। दुकान में आग लगने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मेले में तैनात अग्निशमन दल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकानदार नितिन कुमार हाथ व पैर झुलस गया। जबकि टेंट, चार कुर्सी, टेबिल जलकर राख हो गए। दुकानदार का उपचार निजी चिकित्सक से कराया गया है।