संभल। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर हुए अतिक्रमण को पुलिस ने हटवाया। मुख्य मार्ग किनारे खड़े छह ट्रकों के 25-25 हजार के चालान किए। इन ट्रकों के हटने से जाम से भी निजात मिलेगी। पुलिस इस अभियान को लगातार चलाने का दावा कर रही है। ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।
संभल में चंदौसी चौराहे से अपर जिलाधिकारी के न्यायालय तक अतिक्रमण कर रखा था। तत्कालीन उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव ने अतिक्रमण को सख्ती से हटवाते हुए हरित पट्टी विकसित कराई थी, लेकिन फिर से इस पर अतिक्रमण होता चला जा रहा है। मनमर्जी से वाहन खड़े किए जा रहे हैं। प्रशासन ने अनदेखी की तो अतिक्रमण ज्यादा हो गया। अब कोतवाली पुलिस ने सख्ती करने की तैयारी की है।
शुक्रवार को कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज लवानिया ने पुलिस बल के साथ चंदौसी चौराहे से अपर जिलाधिकारी के न्यायालय तक अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर खड़े छह ट्रकों के 25-25 हजार रुपये के चालान किए। पुलिस कर्मियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।