चंदौसी। भारतीय किसान यूनियन ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार बिजली विभाग के अफसरों के खिलाफ शुक्रवार की दोपहर 12 बजे धरना दिया। जिसमें अधिशासी अभियंता को तीन बजे तक मांगे पूरी करने तक का समय दिया गया। समस्या का समाधान न होने पर भाकियू कार्यकर्ता धरना समाप्त कर तहसील चौराहे जा पहुंचे और जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ भारी पुलिस बल के साथ जा पहुंचे और किसानों से वार्ता की। मुख्य अभियंता मुरादाबाद से फोन पर हुई वार्ता में जेई के निलंबन और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर किसानों ने जाम खोल दिया।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रमुख महासचिव विजेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में शुक्रवार दोपहर 12 बजे एक्सईएन कार्यालय के बाहर सैकड़ों किसान जमा हो गए। मांगें पूरी करने की मांग को लेकर किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। जिसमें विजेंद्र सिंह यादव ने बिजली अधिकारियों को मांगों पूरी करने का शाम तीन बजे तक का समय दिया और समस्या का समाधान न होने पर हाईवे जाम की करने की चेतावनी दे डाली।
तीन बजे धरना प्रदर्शन के बाद किसानों ने धरना स्थगित कर दिया और भाकियू कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील चौराहे की ओर चलने लगे। वहां पहुंच कर किसानों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्राली व बाइकें खड़ी कर शाम 3.15 बजे चंदौसी-बदायूं मार्ग पर जाम लगा दिया।
यहां भाकियू के प्रदेश प्रमुख महासचिव विजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि बेवजह विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। ऑनलाइन नलकूप आवेदन के नाम पर किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। जिसे भाकियू किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। जाम लगने की सूचना पर एसडीएम राजपाल सिंह व सीओ गोपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। यहां किसानों से वार्ता कर जाम खोलने की बात कही। मगर किसानों ने जाम खोलने से इंकार कर दिया। इसके बाद एसडीएम राजपाल सिंह ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता मुरादाबाद से मोबाइल पर वार्ता कराई। उन्होंने आरोपी जेई के निलंबन और जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने एक घंटा पांच मिनट के बाद जाम खोल दिया।
इस दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव, सुमित तेवतिया, वीरेश यादव, मुकेश यादव, चंद्रपाल सिंह, मोहर सिंह, रामवीर सिंह यादव, महावीर सिंह, गुलफाम सिंह, देशराज सिंह, कल्यान सिंह, हरि प्रकाश, दिनेश यादव, रनवीर सिंह, मोहर सिंह, महेश यादव, दुर्गपाल, रविंद्र सिंह, ऋषिपाल, युसुफ अली आदि मौजूद रहे।
भोजन करने की बात कहकर चले गए एक्सईएन
चंदौसी। जब भाकियू कार्यकर्ता एक्सईएन कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। तभी एक्सईएन दिनेश अग्रवाल ने भाकियू के प्रदेश प्रमुख महासचिव विजेंद्र सिंह यादव से घर पर भोजन करने की बात कहकर चले गए। इसके बाद वह शाम तीन बजे तक अपने कार्यालय नहीं पहुंचे।
तहसीलदार को जाम स्थल से हटवाया
चंदौसी। तहसील चौराहे पर जब किसानों ने जाम लगा दिया, तो एसडीएम राजपाल सिंह, सीओ गोपाल सिंह व तहसीलदार दीपक चौधरी पहुंचे। जाम स्थल पर तहसीलदार को देखकर भाकियू कार्यकर्ता भड़क गए और उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल गरम देख एसडीएम और सीओ ने तहसीलदार को जाम स्थल से भेज दिया। इसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ।
जाम के दौरान लगी वाहनों की लंबी कतारें
चंदौसी। तहसील चौराहे पर अपनी मांगे पूरी न होने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने शाम 3.15 बजे जाम लगा दिया। इसके बाद शाम 4.15 बजे किसानों ने जेई के निलंबन का आश्वासन मिलने के बाद जाम खोल दिया। लगभग एक घंटे पांच मिनट चंदौसी-बदायूं मार्ग पर जाम लगने पर सड़क के दोनों वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। जाम खुलने के बाद यातायात सुचारु कराने में पुलिस खासी मशक्कत करनी पड़ी।