दुल्हन के लिए तयशुदा गहने नहीं लाने पर वर पक्ष और दुल्हन पक्ष में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। दुल्हन पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। मान मनौव्वल के बाद बात नहीं बनी तो वर पक्ष ने पुलिस का सहारा लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों में समझौता कराया। इसके बाद रीति रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ।
दुल्हन के लिए गहने नहीं लाने पर वर पक्ष को रात भर मशक्कत करनी पड़ी। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव राजथल में मंगलवार को रात आठ बजे वेदराम कश्यप की बेटी क्रांति की बारात मुरादाबाद के बाजपुर माफी से आई थी।
बाजपुर माफी निवासी जोधा सिंह के बेटे नरेश पाल कश्यप की बारात का परंपरागत तरीके से स्वागत हुआ। मध्य रात्रि के बाद फेरों से पहले दुल्हन के लिए गहने नहीं लाने पर दुल्हन पक्ष बिफर गया। जमकर हंगामा हुआ। दुल्हन पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया।
घंटों मशक्कत के बाद जब बात नहीं बनी तो वर पक्ष थाने पहुंच गया। पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने गांव पहुंचकर दोनों पक्षों में समझौता कराया। इसके बाद रीति रिवाज से शादी की रस्म अदा की गई।