नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट परिसर के बाहर नामांकन कराने आए प्रत्याशियों के समर्थकों की खासी भीड़-भाड़ रही। इस दौरान पुलिस अधिकारी और पैरा-मिलिट्री फोर्स के जवान भी मुस्तैद रहे।
कलक्ट्रेट परिसर स्थित राजकीय कृषि रक्षा इकाई के दफ्तर में बनाए गए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनाए गए नामांकन कक्षों में सोमवार को छह प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। सोमवार को सबसे पहले सुबह 11.20 बजे 31-विधानसभा क्षेत्र चंदौसी से बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी विरमावती पत्नी गिरीश चंद्र निवासी खुशहालपुर मुरादाबाद ने निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार के समक्ष तीन सेट में अपना पर्चा दाखिल किया।
पहले सेट में इनके प्रस्थापक शाहिद कुरेशी, दूसरे सेट में रईस कुरेशी व तीसरे सेट में उमर इसलाम रहे। इनके प्रस्तावक इसके बाद दोपहर 12.15 बजे 111-गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अजीत कुमार उर्फ राजू ने निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया। इनकी प्रस्तावक पुष्पा देवी रहीं। इसके बाद दोपहर 12.20 बजे 33-विधानसभा क्षेत्र संभल से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डा. अरविंद कुमार ने निर्वाचन अधिकारी राशिद अली के समक्ष दो सेट में अपना पर्चा दाखिल किया। पहले सेट में इनके प्रस्तावक संजय सांख्यधर व दूसरे सेट में राजबहादुर रहे। इसके बाद 33-विधानसभा क्षेत्र संभल से ही दोपहर 01.10 बजे करीब बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रफत उल्ला उर्फ नेता छिद्दा ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष चार सेट में अपना पर्चा दाखिल किया।
पहले सेट में इनके प्रस्तावक मुकेश शुक्ला, दूसरे सेट में बन्ने मियां, तीसरे सेट में मोहम्मद वसीम व चौथे सेट में साजिद अहमद रहे। इसके बाद दोपहर 01.20 बजे 31-विधानसभा क्षेत्र चंदौसी से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी गुलाब देवी ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दो सेट में अपना पर्चा दाखिल किया। इनके प्रस्तावक गजराज सिंह रहे। इसके बाद दोपहर 01.55 बजे 32-विधानसभा क्षेत्र असमोली से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह ने निर्वाचन अधिकारी प्रभुदयाल के समक्ष पर्चा दाखिल किया। इनके प्रस्तावक सुरेश रहे। इस बीच अपर पुलिस अधीक्षक राममूरत यादव समेत सीओ सुरेश बाबू यादव पुलिस टीम के साथ तैनात रहे। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार व सिटी इंचार्ज आरके यादव कलक्ट्रेट परिसर के आस-पास शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।