संभल। रिश्तेदारी से लौट रहे बाइक सवार ममेरे-फुफेरे भाइयों की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। हादसा बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा में गुरुवार रात हुआ। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। होली से एक दिन पहले हुए हादसे से दोनों परिवारों के घर त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा निवासी प्रदीप कुमार (22) पुत्र राकेश और जुनावई थाना क्षेत्र के गांव देवर कंचन निवासी कुलदीप कुमार (14) पुत्र रामप्रकाश ममेरे और फुफेरे भाई थे। वह दोनों होली दहन पर गांव बबैना में रिश्तेदारी से पवांसा लौट रहे थे। ब्लॉक परिसर के निकट सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे में प्रदीप और कुलदीप घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने दोनों को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया है।
प्रदीप कुमार के परिजनों ने बताया कि वह मजदूरी करता था। वहीं कुलदीप कुमार के पिता का कहना है कि होली पर रिश्तेदारी में घूमने गया था और हादसे का शिकार हो गया। होली के दिन दो मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। बहजोई कोतवाली के इंस्पेक्टर विकास सक्सेना ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।