स्थानीय बैंक शाखाओं में मंगलवार को भारी भीड़ भाड़ का माहौल था। लोगों को जमा और निकासी के लिए बैंक के काउंटरों के सामने कतार लगानी पड़ रही थी। सबसे अधिक भीड़ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मेन ब्रांच में थी। दूसरा नंबर पंजाब नेशनल बैंक का था।
असल में होली, गुड फ्राइडे और संडे की वजह से बैंकें 23 मार्च से 27 मार्च तक यानी पांच दिनों के लिए बंद हो रही हैं। इसलिए ग्राहक बड़ी संख्या में मंगलवार को बैंक संबंधी कामकाज निबटाने पहुंच गए।
ग्राहकों की भीड़ थी और दूसरी ओर बैंकों में अतिरिक्त काउंटर की कोई व्यवस्था नहीं थी जिसके चलते जमा और निकासी के लिए ग्राहकों को घंटों इंतजार भी करना पड़ा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में दोपहर दो बजे भीड़ के चलते भारी दिक्कत रही।
यही हाल पंजाब नेशनल बैंक का था। प्रथमा बैंक की भी कई शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ थी। प्रथमा बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बीके कुकरेती ने बताया कि अब बैंक शाखाएं सोमवार को खुलेंगी। होली का त्योहार होने की वजह से भले ही बैंक पांच दिन के लिए बंद हो रहे हैं लेकिन चिंता करने की जरूरत नहीं है।
एटीएम से कैश निकाल सकेंगे। रुपये जमा करने के लिए कुछ बैंकों ने अपनी शाखाओं के बाहर डिपॉजिट मशीन भी लगवा दी है। पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक आरके सिंह ने कहा कि उनकी बैंक के बाहर संभल में डिपॉजिट मशीन के साथ एटीएम लगा है। होली के दौरान एटीएम फुल रहेगा। वहीं स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरेंद्र वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को होली पर छुट्टी के बावजूद एटीएम फुल रखने के निर्देश दिए गए हैं।