बहजोई। 69000 भर्ती के तृतीय चरण में प्रदेश के 6696 में से जिले को मिले नव नियुक्त 63 शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया 2 नवंबर को होगी।
यह जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि तृतीय चरण की काउंसिलिंग में जिले के लिए चयनित हुए 63 शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया मंगलवार सुबह करीब 11 बजे से प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि इनमें 27 महिला व 36 पुरुष शामिल होंगे।
विद्यालय आवंटन के लिए बीएसए दफ्तर परिसर में काउंटर बनाया जाएगा। साथ ही परिसर की दीवारों पर विद्यालयों की सूची भी चस्पा कराई जाएगी। प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी की ओर से अपर जिलाधिकारी को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि समेत जीजीआईसी की प्रधानाचार्य व बीएसए की कमेटी बनी है। कमेटी की देख-रेख में ही शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय आवंटन किए जाएंगे। बीएसए ने बताया कि विद्यालय आवंटन के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं को आधार कार्ड व नियुक्ति-पत्र की छाया प्रति साथ लानी होगी। साथ ही इस दौरान कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग अनिवार्य होगा।