आगरा कैंट स्टेशन के पास कूड़े के ढेर में दो धमाकों ने रेल प्रशासन को हिला कर रख दिया। आगरा के भांडई में ट्रेन पलटने की साजिश और धमकी भरा पत्र मिलने के चंद घंटों के बाद हुए धमाकों से रेल प्रशासन अलर्ट पर आ गया है।
पूरे घटनाक्रम के बाद रविवार को चंदौसी रेलवे स्टेशन भी हाई अलर्ट पर रहा। दिन भर जीआरपी ने ट्रेनों में, प्लेटफार्म पर और रेलवे स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की तलाशी की गई।
आगरा में कैंट स्टेशन के नजदीक सराय ख्वाजा के पास हुए धमाके से सुरक्षा के इंतजामों के प्रति रेल प्रशासन ने संजीदगी बढ़ा दी है। चंदौसी रेलवे स्टेशन पर रविवार को गुजरने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
यात्रियों के सामान की तलाशी की गई। जीआरपी के अलावा आरपीएफ समेत स्थानीय रेल प्रशासन ने दिन भर सुरक्षा के लिए मशक्कत की। ट्रेन स्कवायड भी पूरे दिन सक्रियता बनाए रहा। यात्रा के दौरान सख्ती बढ़ी, तो यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।