एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली एक बयान को लेकर विवाद में घिर गए हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हमने 800 वर्ष से ज्यादा समय तक हुकूमत की और तुम जी हुजूरी करते थे। बादशाह अकबर ने सभी को बराबर का हक दिया था। आगे कहा कि भाजपा अब मस्जिद, मदरसे और मुसलमानों को निशाना बना रही है। पुलिस ने भड़काऊ भाषण देने के आरोप में शौकत अली समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार की देर रात संभल के चौधरी सराय में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह बयान दिया है। कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद में फव्वारे को शिवलिंग बताकर निशाना बनाया गया है। भाजपा मदरसों का सर्वे कराकर निशाना बना रही है और मस्जिदों पर भी मनमानी से विवाद खड़े किए हैं। कहा कि तेलंगाना में हमारे सात विधायक हैं और सरकार को हिला देते हैं। सरकार के 36 विधायकों को बोलने नहीं देते हैं। यह देश किसी की मर्जी से नहीं संविधान से चलेगा। मुसलमानों को मॉब लिंचिंग और अन्य तरीकों से निशाना बनाया जाता है। कभी जनसंख्या की बात करते हैं। शौकत अली ने ऐतिहासिक प्रसंगों के हवाले से अपने बयान में हिंदू धर्म को लेकर भी टिप्पणी की।
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के इस बयान पर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटपूर्वी निवासी अक्षित अग्रवाल ने भावनाएं आहत करने और माहौल खराब करने की साजिश बताते हुए कार्रवाई के लिए तहरीर दी। कार्यक्रम के दौरान अनुमति से ज्यादा लोग एकत्र करने का भी आरोप है। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर माहौल खराब करने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिसमें एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष जिला गाजीपुर के जहुराबाद निवासी शौकत अली, नखासा थाना क्षेत्र के तिमरदास सराय निवासी असद अब्दुल्ला और चौधरी सराय निवासी चौधरी मुशीर खां को आरोपी बनाया गया है।