वाहनों की पार्किंग के लिए कैटेगरी तय की गई थी। सबसे आगे वीवीआईपी, इसके बाद वीआईपी वाहनों की पार्किंग थी। सबसे पीछे कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों के लिए पार्किंग थीं, जहां बसें व अन्य वाहन खड़े किए गए।
ऐंचोड़ा कंबोह में पीएम व सीएम के हेलीकाॅप्टर को देखने के लिए सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। लोग सड़क किनारे खड़े हो गए। सभा की समाप्ति के बाद पीएम व सीएम जाने को तैयार हुए तो लोगों की भीड़ गांव में छतों पर चढ़ गई और दूर से ही पीएम व सीएम का हेलीकॉप्टर उड़ते हुए देखते रहे और हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
सभा स्थल पर तीन बड़े-बड़े पंडाल बनाए गए थे। उन्हें भी ब्लॉक में बांटा गया था। जिन्हें पास दिए गए थे, उन्हें ही सघन तलाशी के बाद पंडाल में बैठने के लिए प्रवेश दिया गया। बिना पास के किसी की भी एंट्री पंडाल में नहीं हुई।
श्री कल्कि धाम के शिलान्यास को भव्य तरीके से आयोजित किया गया। सुबह 9.30 बजे से काव्य पाठ शुरू हो गया था। कन्हैया मित्तल ने सुनाया, जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। इसके अलावा भी कई भजनों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं अनामिका अंबर ने कई देशभक्ति और हिंदुत्व को लेकर कविताएं सुनाईं। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग जयकार करने लगे।
उज्जैन के महाकाल मंदिर से आए पुजारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्री कल्कि धाम के शिलान्यास के दौरान पूजन कराया। कार्यक्रम के बाद पुजारियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री को पूजन कराने से उत्साह बढ़ा है। पुजारी विपुल चतुर्वेदी ने बताया कि हम सभी पांच पुजारियों के लिए यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री को पूजन कराया। श्री कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में पूजन कराने से हमारा मान बढ़ा है।
अमरोहा जनपद स्थित श्रीमद् गुरुकुल महाविद्यालय की 108 छात्राएं श्री कल्कि धाम शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंची थीं। सभी छात्राएं एक ही ड्रेस में थीं। महाविद्यालय की संस्थापक, संरक्षिका डॉ. सुमेधा ने बताया कि गुरुकुल छात्राओं ने उनके नेतृत्व में शिलान्यास कार्यक्रम के छात्राओं ने मंत्रोच्चार किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए भाजपा नेता हेलीपैड पर पहुंच गए थे। स्वागत के लिए जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री गुलाब देवी, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी, एमएलसी हरि सिंह ढिल्लो, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, परमेश्वर लाल सैनी, बनियाखेड़ा ब्लॉक प्रमुख डाॅ. सुगंधा सिंह, संजय शांख्यधर आदि मौजूद रहे। वहीं अधिकारियों में एडीजी बरेली पीसी मीना, मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, डीआईजी मुनीराजजी, जिलाधिकारी मनीष बंसल और पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत भी प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
ऐंचोड़ा कंबोह में पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर एसपीजी के अलावा प्रदेश की एटीएस और एनएसजी कमांडो तैनात रहे। इसके अलावा 26 जिलों से 2100 पुलिस कर्मी बुलाए गए थे। संभल जिले की फोर्स भी शामिल थी। इसके अलावा छह कंपनी अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की गई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस मुस्तैद थी। आसपास के जनपदों से आईपीएस व पीपीएस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। कार्यक्रम स्थल के आसपास करीब 400 मीटर में परचून की दुकान को भी नहीं खुलने दिया गया। इसके अलावा छतों पर भी ग्रामीणों को चढ़ने की मनाही रही। कार्यक्रम के बाद ही छत पर चढ़ने की हिदायत दी गई थी।
श्री कल्कि धाम के शिलान्यास कार्यक्रम में अलग-अलग विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुतियां दीं। वहीं महिलाएं भी कार्यक्रम में पीले वस्त्र पहनकर कार्यक्रम में पहुंची। जय श्री कल्कि का जयकारा लगाया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायु सेना के तीन हेलीकॉप्टर के साथ पहुंचे थे। इसमें दो हेलीकॉप्टर में सुरक्षा गार्ड मौजूद थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर चार हेलीकॉप्टर पहुंचने की जानकारी बच्चों को हुई तो वह कार्यक्रम स्थल के आसपास पहुंच गए। कार्यक्रम समापन के बाद जब हेलीकॉप्टर रवाना हुए तो बच्चों के साथ अन्य लोग भी आसमान की ओर टकटकी लगाए नजर आए।