चंदौसी। कांवड़ यात्रा और उर्स के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। यात्रियों को सफर के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए रेलवे ने बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर और दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेनों में अनारक्षित श्रेणी के दो-दो अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।
कांवड़ यात्रा और उर्स के चलते इन दिनों ट्रेनों की अनारक्षित श्रेणी में यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। इसे देखते हुए रेलवे ने कुछ पैसेंजर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 54352-51 बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर, 54353-54 बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर और 54075 बरेली-दिल्ली पैसेंजर में छह से आठ अगस्त तक अनारक्षित श्रेणी के दो-दो अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
54076 दिल्ली-बरेली पैसेंजर में सात से नौ अगस्त तक दो अतिरिक्त अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। इससे सामान्य श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त जगह मिलेगी और भीड़ के दौरान यात्रा अपेक्षाकृत सुविधाजनक हो सकेगी।