संभल। गांव ऐंजरा में सबमर्सिबल का बोरिंग करते समय हुए हादसे में चंदौसी के मौलागढ़ निवासी जितेंद्र (32) रज्जू सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। युवक अपने मित्र से मिलने के लिए आया हुआ था। घर लौटते समय अचानक रास्ते में हादसा हुआ और जान चली गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मंगलवार को गांव ऐंजरा निवासी ओमप्रकाश से उनका दोस्त जितेंद्र मिलने के लिए आया हुआ था। दोपहर तीन बजे करीब घर लौटते समय रास्ते में किसी ग्रामीण का सबमर्सिबल का बोरिंग हो रहा था। बोरिंग कर रहे श्रमिकों के हाथ में लगा लोहे का तार अचानक टूट गया और बोरिंग के लिए लगाया गया सामान जितेंद्र पर आकर गिरा। इसमें जितेंद्र दब गया और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पाते ही ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और जितेंद्र के परिवार वालों को सूचना दी। ओमप्रकाश ने बताया कि उनका दोस्त दोपहर 12 बजे मिलने के लिए आया था। तीन बजे घर लौट रहा था।
रास्ते में बोरिंग हो रहा था और हादसे में जान चली गई। हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने का पुलिस को इंतेजार है।