मढ़न (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मालपुर मिलक में मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे करीब जली हुई हालत में शव मिला। जिसकी पहचान मालपुर मिलक निवासी कय्यूम (35) के रूप में हुई। परिजनों का आरोप है कि कुछ गांव के लोगों ने कय्यूम की जलाकर हत्या की गई है।
युवक सोमवार की सुबह घर से जिला रामपुर के न्यायालय में पेशी के लिए निकला था। देर शाम तक घर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। मंगलवार की शाम गांव के बच्चों ने शव जली हुई हालत में देखा तो ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद कय्यूम के परिजनों ने बाइक से पहचान की।
कय्यूम के भाई फहीम ने बताया कि उनका भाई ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंटें ढोने का काम करता था। रविवार को ही बिहार से घर आया था और सोमवार को रामपुर जिले में किसी मुकदमे की पेशी थी। सुबह दस बजे करीब बाइक से निकला था लेकिन शाम तक नहीं आया तो तलाश शुरू की। मंगलवार को रामपुर पहुंचकर जानकारी करने पर पता चला कि वहां भी वह नहीं पहुंचा था।
शाम के समय शव मिलने की सूचना पर पहुंचे तो गांव के नजदीक ईंट भट्ठे के गड्ढों में जला हुआ शव मिला। बाइक से शव की पहचान हो सकी। परिजनों ने कहा कि हत्या की गई है। बाइक ऊपर से डालकर शव को जलाया गया है। जिससे पहचान न हो सके। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत भी पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिजनों से जानकारी ली। असमोली थाना प्रभारी ने बताया कि जले हुए शव की पहचान कय्यूम के रूप में की जा रही है। कय्यूम के खिलाफ असमोली समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। परिजनों ने पेशी पर रामपुर जाने की बात बताई है। संवाद