बनियाठेर(संभल)। थाना पुलिस ने सोमवार की रात मुरादाबाद-आगरा हाइवे पर चेकिंग के दौरान पान मसाला से भरे बोरों से लदा कैंटर पकड़ा। जीएसटी मुरादाबाद की टीम ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। जीएसटी कागजात नहीं दिखाए जाने पर गाड़ी को थाने में खड़ा करवा दिया और टीम लौट गई।
थाना क्षेत्र के न्यू बाईपास स्थित शिवा ढाबा के निकट अशोक नगर चौकी इंचार्ज सोनू चौधरी अपनी टीम के साथ सोमवार की रात चेकिंग कर रहे थे। उसी समय अलीगढ़ की ओर से आ रहे डाक पार्सल लिखे एक कैंटर को रोक कर तलाशी ली तो कैंटर पान मसाले से भरे 90 बोरे लदे हुए थे। चालक अशोक कुमार से कागजात दिखाने को कहा तो वह कागजात नहीं दिखा सका। जिससे संबंधित विभाग को सूचना कर दी।
सूचना पर मुरादाबाद से असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी राहत चांद टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जानकारी की। चालक जीएसटी संबंधित कोई कागज नहीं दिखा सके। इसके बाद गाड़ी को थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस गाड़ी को थाने ले गई। इस दौरान असिस्टेंट कमिश्नर ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।