धनारी। थाना क्षेत्र के सुरपुर व कलाह में पिछले चार दिनों से अज्ञात बीमारी से तीन दर्जन भर दुधारू पशुओं की मौत होने से पशुपालकों में हड़कंप मचा है। ग्रामीणों ने दो दिन पहले पशु चिकित्साधिकारी को घटना से अवगत कराया। इसके बाद भी गुरुवार की शाम पशुपालन विभाग की टीम गांव पहुंची। अभी पशुपालकों को पशुओं की बीमारी का पता नहीं लग पा रहा है।
गांव सुरपुर व कलहा में पिछले तीन-चार दिनों से अज्ञात बीमारी के कारण पशुओं की मौत होने का सिलसिला जारी बना हुआ है। दोनों गांव में लगातार हो रही पशुओं की मौत से पशुपालकों में भय व हड़कंप मचा हुआ है। गुरुवार को भी आठ पशुओं की कांपने के बाद गिरकर मौत हो गई। गांव सुरपुर निवासी पशुपालक अनवर ने बताया कि चारा खाते समय दुधारू पशु कांपने लगते हैं और कुछ देर बाद पशुओं की गिर जाते हैं और उनकी मौत हो जाती है। बीमारी के चलते उनके तीन पशुओं की मौत हो चुकी हैं। इसके अलावा मुकंदी के पांच, बिजेंद्र सिंह के तीन, सोमवीर के एक पशु की मौत हो चुकी है। गांव के ग्राम प्रधान रमेश चंद्र ने बताया कि चार दिन में गांव के 20 पशुओं की मौत हो चुकी हैं। दो दिन पहले पशु चिकित्सक को अवगत कराया गया। मगर पशु विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची।
उधर गांव कलरा में पिछले चार दिन से पशुओं के मरने का सिलसिला जारी है। गांव के उमेश कुमार का एक, रामप्रकाश के दो, नेमपाल के तीन, जहीरुद्दीन के दो, राजवीर के चार, आले नवी, उधल, अशोक कुमार के एक-एक पशुओं की पिछले चार दिन के अंदर हो चुकी हैं। ग्राम प्रधान उमेश यादव ने बताया कि पशुओं में हो रही बीमारी का कोई पता नहीं लग पा रहा है। पांच मिनट कांपने के बाद पशु की गिरकर मौत हो जाती है। पशुपालकों को अपने पशुओं के इलाज का मौका ही नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी सुध नहीं लेने पर किसानों ने प्रशासन व पशु विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन किया।
सभी पशुओं की सर्दी लगने के कारण मौत हुई है। हमने गांव में जाकर जांच की है। इस समय चार पशु और बीमार मिले हैं। जिनका इलाज किया जा रहा है।
रविकांत, प्रभारी पशु चिकित्सालय, धनारी