संभल। हड्डी से भरे कैंटर को उतारने जा रहे तीन मजदूर विद्युत लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। विद्युत लाइन से हुए हादसे की सूचना पर हड़कंप मच गया। मौके पर जमा हुए लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही बताई। हालांकि पीड़ित परिवार की ओर से कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
गुरुवार की दोपहर 12 बजे करीब सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में हाइटेेंशन लाइन की चपेट में तीन मजदूर आ गए। इसमें मोहल्ला भूड़ा निवासी शाहजेब 22 पुत्र मोहम्मद शफीक की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि मृतक के तहेरे भाई मोहम्मद साकिब और फैजान गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा उस समय हुआ जब यह तीनों मजदूर मोहल्ला मंगलपुुरा से हड्डी से भरी गाड़ी लेकर आ रहे थे। जैसे ही मोहल्ला भूड़ा में पहुंचे तो हाइटेंशन लाइन का तार टूट गया। जिसकी चपेट में कैंटर की छत पर बैठे तीनों मजदूर आ गए।
इसमें शाहजेब की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित पिता ने बताया कि उनका बेटा हड्डी की गाड़ी भरने की मजदूरी करता था। गुरुवार की सुबह को गाड़ी भरने के लिए गया था। दोपहर को हादसे का शिकार हो गया। मृतक अपने दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। मां सैफुल जहां का रोरो कर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी है।