संभल। आगरा की डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएड डिग्री लगाने वाले बर्खास्त किए गए शिक्षकों को सर्वोच्च न्यायालय ने बहाल करने के आदेश कर दिए हैं। शासन स्तर से भी बर्खास्त किए गए शिक्षकों को संबंधित जिलों में ज्वाइनिंग कराने के लिए आदेश किए गए हैं। इसकी तैयारी शिक्षा विभाग में तेजी से शुरू हो गई है। सोमवार तक यह प्रक्रिया पूरी कराने के बाद तैनाती दे दी जाएगी।
शनिवार को बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि संभल जिले में मई 2020 में तत्कालीन बीएसए वीरेंद्र प्रताप सिंह ने शासनादेश मिलने के बाद 12 शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी थी। सभी शिक्षकों पर आरोप था कि आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएड डिग्री फर्जी लगाई है। इसका खुलासा शासन की गठित की गई एसआईटी ने किया था। सभी शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी और वसूली का भी नोटिस जारी किया गया था। अब इन शिक्षकों को सर्वोच्च न्यायालय ने बहाल कर दिया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सोमवार तक पूरी प्रक्रिया को पूरा करने के बाद ज्वाइनिंग कराई जाएगी। आदेश में वर्तमान वेतन पर ही ज्वाइनिंग कराने का भी निर्देश है।