संभल। सड़कों पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे हादसे का सबब बन रहे हैं। सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण न केवल हादसे हो रहे हैं बल्कि वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंच रहा है और बीस मिनट के रास्ते में एक घंटे का समय लग रहा है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधि सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहे हैं।
विभाग की लापरवाही कहें या फिर उदासीनता संभल-बहजोई मार्ग पर सरायतरीन से लेकर पवांसा तक महसूस नहीं होता है कि सड़क में गड्ढे हैं या फिर गड्ढों में सड़क बनी है। जहां वाहन एक गड्ढे से बचाने के प्रयास में दूसरे गड्ढ़े में चले जाते हैं और हादसे का शिकार हो रहे हैं। कुछ ऐसा ही हाल नगर और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले मार्गों का है। हसनपुर मार्ग पर सड़क में बने गहरे-गहरे गड्ढे लगातार हादसे का सबब बन रहे हैं।
जिससे आए दिन बाइक सवार और बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। लेकिन विभाग की उदासीनता के चलते इन गड्ढों को नहीं भरा जा रहा है। अत्यधिक वाहनों के आवागमन के साथ ही इन गड्ढों से धूल उड़ती है जिससे धुंध छा जाने के कारण पीछे चलने वाले वाहनों को सामने वाला वाहन और गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसा नहीं है कि सामाजिक संगठन या फिर लोगों ने सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने की मांग न की है। विभाग शासन से धन आवंटन का रोना रोता है।