अंबेहटा (सहारनपुर)। खेड़ा अफगान अंबेहटा मार्ग पर रविवार की दोपहर कुछ युवकों ने सरे राह हथियार लहराते हुए कई राउंड फायरिंग करते हुए क्षेत्र में दहशत फैला दी। युवक अभद्र भाषा का प्रयोग भी कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची परंतु तब तक युवक फरार हो चुके थे। दिन दहाड़े घटित हुई इस तरह की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत पैदा हो गई है। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें युवक फायरिंग करता हुआ दिखाई पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर बाइक सवार कुछ युवक खेड़ा अफगान से करीब दो सौ मीटर दूर अंबेहटा की ओर स्थित एक सर्विस स्टेशन पर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी युवकों के हाथों में तमंचे व अन्य अन्य हथियार थे। युवकों ने वहां पहुंचते ही गाली गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। युवकों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रही है, उसमें भी एक युवक फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है। युवकों द्वारा की गई फायरिंग व हथियार लहराने की घटना से आसपास मौजूद लोग सहम गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर कोतवाल सुशील कुमार सैनी मय फोर्स मौके पर पहुंचे तथा जानकारी हासिल की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी युवक वहा से फरार हो गए। माना जा रहा है कि घटना के बाद उक्त युवकों ने ही सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल किया। लोगों का कहना है कि युवकों का मकसद क्षेत्र मे दहशत फैलाने का लग रहा है।
कोतवाली नकुड़ प्रभारी सुशील कुमार सैनी का कहना है कि युवकों की संख्या 15 से 20 के बीच बताई जा रही है। युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कोतवाल सुशील कुमार सैनी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी नागरिक को डरने की आवश्यकता नहीं है। घटना में लिप्त युवक जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।