बेहट (सहारनपुर)। यूपी की सीमा में घुसकर यमुना नदी का सीना छलनी कर रहे हरियाणा के खनन माफिया के खिलाफ जल्द बड़ी कार्रवाई हो सकती है। खनन विभाग के अधिकारी यमुना नदी में पानी के उस पार अवैध खनन करने वाले माफिया का पता लगाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में है।
बता दें, कि हरियाणा के खनन माफिया यूपी की सीमा में घुसकर यमुना नदी में पानी के उस पार जेसीबी, एचएम एवं पोकलेन आदि आधुनिक मशीनों से अवैध खनन करते हैं। यमुना नदी में उन तक पहुंचने के लिए पानी को पार करना पड़ता है। जब तक नाव या अन्य संसाधनों से स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उन तक पहुंचने का प्रयास करते है, तब तक माफिया और उनके लोग अपने वाहनों एवं मशीनों को लेकर हरियाणा की तरफ भाग जाते हैं। इन माफिया पर शिकंजा कसने के लिए खनन विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की है। विभागीय अधिकारी यमुना नदी के पार हरियाणा के तटवर्ती गांवों के आसपास किए जा रहे अवैध खनन वाले स्थानों को चिह्नित कर माफियाओं का पता लगा रहे है, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकें। फिलहाल खनन विभाग के अधिकारियों की माने तो हरियाणा के बेलगढ़ के पास यमुना नदी में अवैध खनन किया जा रहा है। बेलगढ़ के खनन माफिया ही अवैध खनन करा रहे है। खान निरीक्षक एजाज अहमद की तरफ से बेलगढ़ के खनन माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली बेहट में तहरीर भी दी गई है।