ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत, दूसरा घायल
सहारनपुर। विश्वकर्मा चौक पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। कोतवाली सदर बाजार पुलिस दोनों युवकों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के मोहल्ला बेरी बाग निवासी आकाश (22) रविवार की देर रात पेपर मिल रोड निवासी अपने दोस्त सोनू के साथ बाइक पर पेपर मिल रोड की तरफ से लौट रहा था। सोनू एक कंपनी में डिलीवरी ब्वाय है, जो खाने की डिलीवरी देकर आकाश के साथ बाइक पर बेरी बाग लौट रहा था। वह जैसे ही विश्वकर्मा चौक पर पहुंचे तो अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे में आकाश और सोनू घायल हो गए। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान आकाश की मौत हो गई। पता लगने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और कोहराम मच गया। आकाश एक दुकान पर नौकरी करता था। सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बाइक में टक्कर मारने वाले ट्रक और उसके चालक को पकड़ने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने कहा जल्द पुलिस ट्रक चालक को पकड़ लेगी।