युवक की मौत के मामले में पीरवाली गली में जांच करने पहुंची पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र स्थित पीर वाली गली में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों पर चाय में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन दिन पूर्व दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में बृहस्पतिवार को शमशाद पक्ष के घर लोग एकत्र हुए और समझौते को लेकर चर्चा हुई। तब पीर वाली गली निवासी फारूख (32) को भी बुलाया गया। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद फारूख अपने घर चला गया। फारूख के पुत्र समद अली का कहना है कि उसके पिता जब घर आए तो उनके सीने में दर्द हो गया, जिसके बाद फारूख को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। समद अली का आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात चाय में उसके पिता को जहर दिया गया है, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई है। चिकित्सक ने भी जहर सेवन से मौत होने की आशंका जताई है। मामले का पता लगने पर कोतवाली मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मौके पर जाकर भी लोगों से घटना की जानकारी ली।
एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता लग पाएगा।