रामपुर मनिहारान पुलिस गिरफ्त में नकली नोटों का सौदागर
- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली रोड हाईवे पर चुनहैटी पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को 15 हजार की नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया है।
रामपुर मनिहारान थाने की चुनहैटी चौकी पर दोपहर बाद चार बजे के करीब अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर व पुलिस क्षेत्राधिकारी यतेंद्र नागर के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान बाइक सवार एक युवक पुलिस को देखकर वापस जाने लगा तो शक होने पर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लिए जाने पर युवक के पास से 100 रुपये की नई करेंसी के 15 हजार चार सौ रुपये बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस पकड़े गए युवक को थाने ले आई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम दिलशाद पुत्र शब्बीर निवासी कोठड़ा थाना गंगोह बताया। युवक ने यह भी बताया कि वह वर्ष 2007 में जयपुर राजस्थान में तीन बोरी डोडा पोस्त में सात साल की जेल काट चुका है। कोतवाली प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया है कि आरोपी एक शातिर अपराधी है। उसके बारे ने अन्य थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दिलशाद नकली करेंसी को देहात क्षेत्र में चलाता था, बरामद कई नोटों पर एक ही नंबर हैं। अब नकली नोट के मामले पर पुलिस असली गिरोह तक पहुंचने के काम में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह नकली नोट कहां से लाता है और उन्हें कौन तैयार कर रहा है।