युवक पर हमला कर कार में तोड़फोड़ की
नकुड़ (सहारनपुर) । गांव बहादरपुर निवासी एक युवक ने कुछ लोगों पर जानलेवा हमला करने और कार में तोड़फोड़ कर नगदी व जरूरी कागजात उठा ले जाने का आरोप लगाकर कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बहादरपुर निवासी अमित कुमार पुत्र मदन सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार की सुबह वह अपनी कार से नकुड़ स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर आ रहा था। जैसे ही वह बस अड्डे पर पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो सात-आठ बाइकों पर 15-20 युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि जैसे ही वह अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा तो आरोपियों ने जानलेवा हमला बोलकर उस पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया कि वह किसी तरह कार को मौके पर छोड़कर अपनी जान बचाकर भागा और सूचना पुलिस को दी। अमित कुमार ने करीब आधा दर्जन लोगों को नामजद व बाकी अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला बोल फायरिंग करने और कार में तोड़फोड़ कर नगदी व जरूरी कागजात उठा ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल सुशील सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।