फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: रात भर उफान पर रही यमुना, 24 घंटे से बंद है हरियाणा का मार्ग

Wed, 03 Sep 2025 12:34 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
चिलकाना क्षेत्र में पॉपुलर की फसल में भरा यमुना नदी का पानी। श्रोत ग्रामीण
विज्ञापन
चिलकाना/सरसावा/लखनौती। पहाड़ियों पर हुई बारिश के चलते यमुना नदी रात भर उफान पर रही। गंगोह के दौलतपुर घाट स्थित पुल पर पानी आने से सोमवार को बंद हुआ यूपी-हरियाणा मार्ग मंगलवार को भी नहीं खुल सका। सरसावा क्षेत्र में यमुना का पानी शाहजहांपुर-चिलकाना मार्ग के गांव चोरी मंडी में सड़क पर आ गया। यमुना के तटवर्ती गांवों की हजारों बीघा जमीन जलमग्न है।
विज्ञापन



यमुना नदी में आई बाढ़ से चिलकाना के गांव टोडरपुर भूखड़ी तथा लाल वाला में सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। टोडरपुर भूखड़ी में दर्जनों किसानों के खेत यमुना नदी में हुए कटाव के कारण नदी में समा गए हैं। खेत में खड़ी गन्ने तथा पॉपुलर की फसल भी नदी में बह गई है। नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, एसडीएम सदर सुबोध कुमार तथा सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम ने नदी किनारे के बाढ़ प्रभावित गांव टोडरपुर भूखड़ी, लाल वाला, पंचकुआं तथा आल्हनपुर का दौरा किया।
गांव आल्हनपुर से सोंधेबांस जाने वाला कच्चा मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके नुकसान का सर्वे कराया जाएगा तथा उनकी यथा संभव मदद कराई जाएगी। नदी पार के उत्तर प्रदेश के दो गांव सोंधेबांस तथा गाजदीनपुर का संपर्क दूसरे दिन भी जिला मुख्यालय से कटा रहा। लोगों को जगाधरी यमुनानगर होते हुए सहारनपुर आना जाना पड़ रहा है।
विज्ञापन

सरसावा के शाहजहांपुर-चिलकाना मार्ग पर ग्राम चोरी मंडी, बिन्नाखेड़ी, सुआं खेड़ी आदि में पानी सड़क पर आ गया, जिससे रास्ते बंद हो गए। एसडीएम नकुड़ सुरेंद्र कुमार ने भी क्षेत्र का दौरा किया तथा ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए। क्षेत्र के धर्मपाल सिंह, अरविंद चौधरी, संजय प्रधान, अजय प्रधान, दिलीप चौधरी, कमल राणा आदि ने सर्वे करा फसलों का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हरियाणा यूपी का जनसंपर्क मार्ग पिछले 24 घंटों से कटा है। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते जल स्तर के कारण गांव सनौली के पास यमुना नदी ने कटान शुरू कर दिया है और एक ठोकर को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। विधायक चौधरी किरत सिंह, जिला उपाध्यक्ष चौधरी सतपाल सिंह, पूर्व विधायक डॉ. सुशील चौधरी आदि ने यमुना किनारे पहुंचकर बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। यमुना नदी के आसपास खड़ी सनौली, बल्ला मजरा, हलवाना, नाई मजरा, दौलतपुर, सराजपुर, डबकोल्ला, कुंडा कला आदि गांवों के किसानों की हजारों बीघा फसलें जलमग्न हो गई है। नकुड़ एसडीएम सुरेंद्र सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रामबाबू ने भी यमुना घाट पर पहुंच स्थिति देखी।


यमुना में डूबे युवक का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं
सरसावा। ग्राम ढिक्का टपरी निवासी यमुना में बहे युवक सोनू पुत्र इश्कलाल का 24 घंटे के बाद भी सुराग नहीं मिला। सोनू यमुना नदी के सैलाब में पहाड़ों से बहकर आ रही लकड़ी निकालने गया था। शाहजहांपुर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पानी में बहे सोनू को खोजने का प्रयास भी किया। परंतु यमुना में आए भयंकर सैलाब के कारण गोताखोर भी पानी में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। इससे सोनू की कोई खोज खबर नहीं है। परिजन अनिष्ट की आशंका में लगातार यमुना नदी के किनारे किसी प्रकार खोजबीन करने का प्रयास कर रहे हैं परंतु मंगलवार शाम तक इस संबंध में कोई सफलता हासिल नहीं कर पाए थे।

-
यमुना में छोड़ा गया दो लाख 15 हजार क्यूसेक पानी


मिर्जापुर। हथिनीकुंड बैराज के गेज रीडर शेर सिंह ने बताया कि पूर्वी एवं पश्चिमी नहरें फिलहाल बंद हैं। इन्हें एक लाख क्यूसेक से कम पानी होने के बाद ही खोला जाएगा। अभी पहाड़ों पर भी हल्की बारिश हो रही है। रात में बारिश होती है तो पानी बढ़ने की संभावना है। मंगलवार की सुबह पांच बजे सर्वाधिक दो लाख 15 हजार 675 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया।
विज्ञापन


समय यमुना का जलस्तर क्यूसेक में

सुबह पांच बजे 215675

सुबह छह बजे 207721
सात बजे 183207
आठ बजे 176307

नौ बजे 163386

दस बजे 151393
सुबह 11 बजे 151393

दोपहर एक बजे 154362
दो बजे 145514

तीन बजे 151393
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें