सहारनपुर। समाजवादी व्यापार सभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं नगर विधायक संजय गर्ग के नेतृत्व में ऑनलाइन खरीदारी के विरोध में शहर में जनजागरण यात्रा निकाली। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि दीपावली पर ऑनलाइन खरीदारी न करें। इससे मंदी से परेशान दुकानदारों को राहत मिल सके।
सपा व्यापार सभा के कार्यकर्ताओं ने बूरा बाजार, कबाड़ी बाजार, लोहा बाजार, सराफा बाजार, नया बाजार, चौक फ़व्वारा, मोर गंज होते हुए भगत सिंह चौक तक जनजागरण पदयात्रा निकाली। संजय गर्ग ने कहा दीपावली पर ऑनलाइन की बजाए मंदी, बंदी और महंगाई से त्रस्त दुकानदारों से ही खरीदारी की जाए। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स से खुदरा व्यापार को बहुत नुकसान हो रहा है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें ई- कॉमर्स को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा नीति आयोग के चेयरमैन अमिताभ वाजपेयी का कहना है कि 2025 तक मोहल्ले स्तर की दुकानें समाप्त हो जाएंगी। उन्होंने कहा वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना मध्यम और छोटी श्रेणी के दुकानदारों की रोजी रोटी छीनने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भारत की मिश्रित अर्थव्यवस्था को समाप्त कर सभी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम का निजीकरण करना चाहती है। इससे देश में बेरोजगारी, भुखमरी और ग़ैरबराबरी बहुत बढ़ेगी। इस दौरान समाजवादी व्यापार सभा के जिला प्रभारी नत्थू यादव, जिला अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा, महासचिव अनुज गुप्ता , गुलशन कपूर , पवन गोयल, नवीन सिंघल ,मुकेश मानक टाला, रवि कुमार, अनुज यादव, प्रणव शर्मा, राहुल शर्मा , हाजी गुलशेर ,राकेश वर्मा, ऋषिपाल , हरीश वर्मा, विनोद वर्मा, राशिद, फरमान, विभोर जिंदल, गुड्डू आदि रहे।