‘वुडन हैंडीक्राफ्ट इंडस्ट्रीज को मिले स्पेशल पैकेज’
सहारनपुर। सहारनपुर हैंडीक्राफ्ट डेवलेपमेंट सेंटर के निदेशकों ने करीब 250 वर्ष पुराने वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योग के लिए सरकार से स्पेशल पैकेज देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह पैकेज कम से कम 400 से 500 करोड़ रुपये का होना चाहिए, साथ ही एक वर्ष तक सरकारी विभागों के नियमों के अनुपालन से छूट और हस्तशिल्पियों के जीवन निर्वाह भत्ते के तौर पर अगले नौ महीने तक 2500 रुपये प्रति माह उनके बैंक खातों में भेजे जाएं।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि सहारनपुर का वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योग करीब 250 वर्ष पुराना है जिससे डेढ़ से दो लाख लोग जुडे़ हुए हैं। यहां से लगभग एक हजार करोड़ रुपये का निर्यात होता है। कोरोना वायरस से पैदा हुए संकट के चलते 80 से 90 प्रतिशत निर्यातकों के करीब सौ करोड़ रुपये के आर्डर कैंसिल हो गए हैं। इससे सभी उद्यमी, कारीगर और निर्यातक बहुत चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि इस उद्योग को समान्य गति पकड़ने में एक वर्ष तक का समय लग सकता है। रामजी सुनेजा, रविन्द्र मिगलानी, मौहम्मद औसाफ, अनवार अहमद, सोम गोयल, जुनैद खान, परविन्दर सिंह आदि मौजूद रहे।