संवाद न्यूज एजेंसी
गंगोह। बैंक से रुपये निकालकर जा रहे एक व्यक्ति का थैला काटकर महिला ने 30 हजार रुपये चोरी कर लिए। पूरी घटना पास के जनसेवा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
गांव नागल राजपूत निवासी सतपाल ने बताया कि उसने सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की गंगोह शाखा से अपने खाते से 30 हजार रुपये निकाले थे। वह इन्हें एक थैले में रखकर पास ही स्थित एक जनसेवा केंद्र पर चला गया। इसी दौरान एक महिला ने ब्लेड जैसी तेजधार वस्तु से उसका थैला काट दिया और उसमें रखी 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। थैला कटा हुआ देखकर उसे चोरी का पता चला। इसके बाद जनसेवा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक महिला थैला काटकर रुपये निकालते हुए दिखाई दे रही है। पीड़ित ने बैंक कर्मचारियों और पुलिस को सूचना दी। आसपास महिला की तलाश भी की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।