नागल (सहारनपुर)। थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर खेड़ी में शुक्रवार को पांच बच्चों की मां की गला काटकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश खेत में पड़ी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सीओ और क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। मृतका के पति ने प्रेम संबंधों के चलते पड़ोसी गांव निवासी युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव रसूलपुर खेड़ी निवासी मिश्री लाल की पत्नी सीमा 35 बृहस्पतिवार की शाम 4 बजे अपने मायके से आई थी। पति द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार वह अपने बेटे की बजाए पड़ोसी गांव निवासी चीनू की बाइक पर बैठ कर घर आई थी। रात 10 बजे वह चीनू के बुलाने पर अचानक चली गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह गांव के लोग जब शौच के लिए खेतों की तरफ गए तो आबादी से लगते एक खेत में सीमा की गला कटी लाश पड़ी मिली। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
सूचना पर सीओ देवबंद दुर्गा प्रसाद तिवारी, थानाध्यक्ष बीनू चौधरी क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति ने चीनू के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मृतका के पति ने पड़ोसी गांव निवासी युवक पर सीमा की हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सीमा के आरोपी के साथ अनैतिक संबंध थे। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सीमा पांच बच्चों की मां थी। इनमें एक बेटा और चार बेटी हैं। सबसे बड़ा बेटा है जिसकी उम्र 14 वर्ष है, जबकि सबसे छोटी बच्ची की उम्र मात्र 2 साल है। सीमा की हत्या के बाद उसके बच्चों का रो रो कर बुरा हाल था। छोटी बेटियों को तो पता भी नहीं है कि उनके सिर से मां का साया उठ चुका है। वे चुपचाप सी घर में जुट रही लोगों की भीड़ और मच रहे कोहराम को देख कर सहमी सी जा रही थी। परिजनों का कहना था कि बिना मां की छोटी बच्चियों की किस तरह परवरिश होगी।
नेताओं ने की हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग
सीमा की हत्या के बाद पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया ने मृतका के गांव पहुंच उसके परिजनों को सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया। दोनो नेताओं ने सीओ से हत्यारोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की, साथ ही परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सीमा का फाइल फोटो- फोटो : SAHARANPUR
सीमा की हत्या पर विलाप करती परिजन महिलाएं- फोटो : SAHARANPUR
महिला का पति और उसके बच्चें- फोटो : SAHARANPUR