सहारनपुर। शादी समारोह में खाना बनाने का काम करने वाली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुुर्द कर दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव उनाली निवासी संयोगिता (42) पत्नी ब्रिजेश शादी, विवाह समारोह में खाना बनाने का काम करती है। संयोगिता ठेकेदार के पास अपनी मजदूरी का पैसा लेने गई थी। बेहट अड्डे के पास उसको उल्टी आई और बेहोश होकर गिर गई। एक महिला ने संयोगिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर किया, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले की जानकारी कोतवाली सदर बाजार पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ द्वितीय नीरज कुमार ने बताया कि परिजनों ने हत्या किए जाने की भी आशंका जताई है। सीओ का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी।