महिला की मौत के बाद मौके पर पहुंचे विधायक मुकेश चौधरी
- फोटो : SAHARANPUR
नकुड़ (सहारनपुर)। मकान की छत पर चढ़कर घर के बाहर खड़े पेड़ के पत्ते तोड़ रही महिला की ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन का करंट लगने से मौत हो गई। पत्नी को बचाने गए अध्यापक पति भी करंट लगने से झुलस गए। घायल को सीएचसी से हायर सेंटर रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है।
नगर के मोहल्ला बंजारान स्थित स्टेट बैंक की शाखा के सामने मास्टर कृपाल सिंह परिवार सहित रहते हैं। शनिवार की शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी कुसुम लता (55) मकान की छत पर घर के बाहर खड़े पेड़ के पत्ते लोहे की छड़ से तोड़ रही थी। तभी अचानक उसकी छड़ पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की लाइन से टकरा गई। इससे महिला बुरी तरह से झुलस गई। पत्नी को बचाने गए अध्यापक कृपाल सिंह को भी जोर से करंट लगा। करंट लगने से पति भी झुलस गए। पड़ोसी अध्यापक को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना पर विधायक मुकेश चौधरी भी पहुंचे और घायल का हाल चाल जाना। अध्यापक कृपाल सिंह केएलजीएम इंटर कॉलेज में नियुक्त हैं। महिला की मौत तथा पति की गंभीर हालत से परिजनों में कोहराम मचा है।
नकुड़ में करंट से झुलसे वृद्व का उपचार करते चिकित्सक- फोटो : SAHARANPUR