सहारनपुर। कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव धरौला में उधार के पैसे मांगने पर महिला पर तलवार से हमला कर दिया गया। इतना नहीं, उसके बेटों को लाठी-डंडों से पीटा गया। पीड़िता ने मामले में एसएसपी से कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
घटना बुधवार की सुबह की है। धरौला गांव निवासी परवीन पत्नी अकील ने बताया कि उसके पड़ोसियों को गोवंश कटान के आरोप में कुछ समय पूर्व पुलिस ने पकड़ा था। आरोप है कि तब, आरोपियों ने उनसे 50 हजार रुपये उधार लिए थे। कुछ दिनों बाद आरोपी जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आ गए। आरोपियों से कई बार उधार के पैसे वापस दिए जाने की मांग कर चुके हैं। इसी संबंध में बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे आरोपियों ने उधार के पैसे मांगने पर उस पर तलवार से हमला कर घायल कर दिया। वह और उसका पति जब अपने घर लौटे तो आरोपी भी पीछे-पीछे उनके घर आ गए। आरोप है कि आरोपियों ने महिला, उसके पति, बेटे गुलशेर, शमशाद पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी फरार हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार दिलाया गया। इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने कोतवाली नकुड़ प्रभारी को जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।