नागल। मुस्लिम बाहुल्य गांव सोहन चीड़ा में 3260 मतदाता हैं, लेकिन यहां अभी 45 साल से ज्यादा उम्र वाले सिर्फ 325 ने ही टीका लगवाया है। गांव के लोग वैक्सीन लगवाने से मनाही तो नहीं करते हैं, लेकिन अस्पताल जाने को तैयार भी नहीं हैं। कहते हैं कि गांव में शिविर लगने पर टीका लगवाते हैं, अस्पताल नौ किलोमीटर दूर है, जिस कारण टीका लगवाने वहां नहीं जा पा रहे हैं। यही वजह है कि इस गांव में भी कोरोनारोधी टीकाकरण की रफ्तार धीमी है। जबकि चिकित्सकों और सरकार की सलाह है कि वैक्सीन अवश्य लगवाएं, क्योंकि इसी के जरिये कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सकता है।
नागल ब्लाक क्षेत्र के इस गांव की कुल आबादी करीब छह हजार है। इनमें से 45 प्लस के केवल 325 लोगों ने अब तक टीका लगवाया है, जबकि टीका लगवाने वाले 18 प्लस के लोगों की संख्या अभी करीब 100 ही है। ग्रामीण कहते हैं कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गांव की दूरी करीब नौ किलोमीटर है। ऐसे में काम छोड़कर केंद्र पर जाना संभव नहीं हो पा रहा है। गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जो शिविर लगाया जाता है, उसी में टीका लगवाते हैं।
पूर्व ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि अमजद अली का कहना है कि गांव में ज्यादातर लोग शिक्षित हैं और कोरोना टीका लगवाने के प्रति गंभीर हैं, लेकिन गांव में लगने वाले शिविर में एक दिन में केवल 100 ही लोगों को टीका लगता है।
ग्रामीण तौकीर अहमद का कहना है कि उसने अपने मम्मी पापा को टीका लगवा लिया है, लेकिन 18 प्लस के लिए पंजीकरण होने के बाद स्लाट नहीं मिल पाने से खुद को वैक्सीन नहीं लगवा पाए हैं।
ग्रामीण इंतसार का कहना है की गांव में ज्यादातर लोग खेती पर आश्रित हैं। वे अपनी खेती में व्यस्त होने के चलते केंद्र पर नहीं जा पाते हैं। विभाग को चाहिए कि गांव में नियमित टीकाकरण कैंप लगाए।
ग्रामीण मास्टर यशपाल सिंह का कहना है कि लोगों को टीका लगवाने के लिए हर ग्रामीण को गंभीर होना होगा। गांव के जिम्मेदार लोग ग्रामीणों को टीकाकरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान अब्दुल हसीब का कहना है की गांव के एएनएम, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता घर घर जाकर ग्रामीणों को जागरूक कर रही हैं। वह खुद भी ग्रामीणों को कोरोना रोधी वैक्सीन का महत्व बता रहे हैं।
मस्जिद के इमाम की अपील, जरूर लगवाएं टीका
गांव की बड़ी मस्जिद के इमाम कारी रियाज का कहना है कि उनके द्वारा पांचों टाइम की नमाज के समय मस्जिद में आने वाले नमाजियों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया जा रहा है। वे लोगों को समझा रहे हैं कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है, किसी तरह का भ्रम न पालें।
- वर्जन -
नागल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सूरज सिंह ने बताया कि सोहन चीड़ा गांव में 45 प्लस के 325 लोगों को टीका लग चुका है। गांव में तीन बार अब तक शिविर लगाए जा चुके हैं। गांव से अस्पताल में टीका लगवाने आने वालों की संख्या बेहद कम है। वह ग्रामीणों को अस्पताल आकर टीका लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण से लड़ाई में वैक्सीनेशन बड़ा हथियार
फोटो - 4
अंबेहटा। एसडीएम (नकुड़) हिमांशु नागपाल ने कोरोना संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए सभी से वैक्सीनेशन कराने की अपील की। गांधी इंटर कॉलेज में हुई बैठक में हिमांशु नागपाल ने कहा कि कोरोना वायरस के विरुद्ध लड़ी जा रही लड़ाई में वैक्सीनेशन एक बड़ा हथियार है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति वैक्सीन जरूर लगवाए। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। जो लोग इसके प्रति भ्रांति फैला रहे हैं उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। चेयरपर्सन के पति चौधरी इनाम शाकिर, देवेंद्र त्यागी, लेखपाल राम नारायण सिंह, सभासद दानिश शफीक, शमीम अंसारी, डा बिंदर पाल कल्याण, फरमान कुरैशी, डॉ. दानिश खान, मरगूब अहमद, आलोक मित्तल आदि मौजूद रहे।
शिविर में 186 लोगों ने कराया टीकाकरण
फोटो - 5
छुटमलपुर। कस्बे के राष्ट्रीय विद्या पीठ वैक्सीनशन सेंटर में शनिवार को 18 प्लस के 160 और 45 प्लस के 26 लोगों ने कोविड वैक्सीन लगवाई। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के मंडल संयोजक डॉ. विनोद मित्तल ने मास्क वितरित किए। इसमें स्कूल प्रबंधक भूपेंद्र सिंह राणा, महेश कांबोज,अमित कुमार, अमरदीप, नीरज गर्ग, नगर संपर्क प्रमुख भूपेंद्र आदि का सहयोग रहा।