सहारनपुर। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सहारनपुर से चारों स्लीपर सेल की गिरफ्तारी ने सभी को चौका दिया है। पकड़े गए स्लीपर सेल वेल्डिंग और ड्राइवरी करते-करते करीब छह माह पहले पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में इंस्टाग्राम के माध्यम से आए थे। इसके बाद से उन्होंने अपनी गतिविधियां यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में बढ़ा दी थी। ग्रामीण भी इनकी गिरफ्तारी से हैरान है।
सरसावा के ढिक्का कलां गांव निवासी महकाब और शाहरूख के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। दोनों अविवाहित है। महकाब वेल्डिंग के काम के लिए अक्सर हरियाणा और पंजाब में जाता रहता था। इसलिए महकाब को वहां की अच्छी जानकारी थी। इसी तरह शाहरूख उत्तराखंड के अलग-अलग में वेल्डिंग का काम करता था। हरिद्वार के ढनढेरा गांव निवासी मुशर्रफ भी मंसूरी के पास वेल्डिंग का काम करता है, जबकि मुजफ्फरनगर के शाहपुर रामराज निवासी गगनदीप उर्फ गुरी ट्रक ड्राइवर है। चारों ही अक्सर अपने कामकाज का हवाला देते घर से बाहर रहते थे। ढिक्का कलां के ग्रामीणों की मानें तो महकाब और शाहरूख को देखकर कभी नहीं लगता था कि उनके अंदर इतने खतरनाक मंसूबे हो सकते हैं। जांच में आया कि वह करीब छह माह पहले इंस्टाग्राम और वाट्सएप के जरिये पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के संपर्क में थे। महकाब और शाहरूख के परिजन इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं है।