जहां पर कृपा राम की होई, तहां पर कृपा करे हर कोई : राणा
सहारनपुर। श्री बालाजी धाम बेहट रोड के 12वें वार्षिकोत्सव के दौरान आयोजित श्री रामायण के अखंड पाठ को रविवार को विश्राम दिया। कार्यक्रम में प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा और कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने पहुंचकर श्री बालाजी महाराज का आशीर्वाद लिया।
बेहट रोड पर स्थित श्री बालाजी धाम का 12वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को श्री रामायण का अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ । रविवार को अखंड श्री रामायण पाठ को विधि विधान से विश्राम दिया। इसमें प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा श्री बालाजी धाम पहुंचे और पूजा अर्चना की। आचार्य शुभम कौशिक और दीपक अग्निहोत्री ने विधि विधान से पूजन कराया। इस अवसर पर श्री बालाजी धाम के संस्थापक अतुल जोशी महाराज ने धाम और श्री बालाजी सेवा समिति ने गन्ना मंत्री सुरेश राणा को माला एवं पटका पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
इस दौरान गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि जहां पर कृपा राम की होई, तहां पर कृपा करे हर कोई। उन्होंने कहा कि वह श्री बालाजी महाराज के भक्त हैं। उन पर भगवान श्रीराम की कृपा हुई तो वह आज श्री बालाजी महाराज के दर्शन करने यहां आए हैं। यह श्री बालाजी महाराज की ही कृपा है कि वह सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। श्री बालाजी महाराज से उन्हें लगातार शक्ति मिल रही है और वह सामाजिक एवं राजनीतिक कार्य कर रहे हैं। तत्पश्चात गन्ना मंत्री ने दंत चिकित्सा और स्पीच थैरेपी कैंप का उद्घाटन भी किया। इसके बाद भाजपा के कैराना सांसद प्रदीप चौधरी भी श्री बालाजी धाम पहुंचे और पूजा अर्चना की। श्री अतुल जोशी महाराज ने सांसद का स्वागत किया।
इस दौरान महापौर संजीव वालिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, मानवीर सिंह पुंडीर, मुकेश चौधरी, अनुपम गुप्ता, अजय सूरी, प्रमोद माहेश्वरी, राहुल वालिया, सतीश गुप्ता, चंद प्रकाश शर्मा, विनीत शर्मा, पुनीत, शुभम, कमल प्रकाश शर्मा, अखिल माहेश्वरी, विवेक, नैमिश, शैंकी, रजनी वालिया, उषा, रेखा मित्तल, इंदू, मंजू ग्रोवर आदि रहे।