सहारनपुर। सांगाठेड़ा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम देने वाला योगेश रोहिला सोशल मीडिया पर पत्नी और बच्चों से बेइंतहा प्यार दिखाता था, लेकिन यह प्यार झूठा निकला। एक-एक कर जिस तरीके से बच्चों को गोली मारी गई वह बेहद खौफनाक मंजर था।
योगेश के फेसबुक अकाउंट पर नजर डालें तो 18 अगस्त 2024 को फेसबुक पर पत्नी के साथ अपने तीन फोटो शेयर किए हुए हैं, जिनके लिए लिखा है कि तेरा साथ है कितना प्यारा सबसे अच्छा सबसे न्यारा। इससे पहले 12 अगस्त 2024 को योगेश पत्नी और तीनों बच्चों को लेकर गांव बरसी स्थित महादेव मंदिर में पूजा करने पहुंचा था। वहां बाहर खड़े होकर परिवार ने फोटो भी खिंचवाई थी। फेसबुक पर पूजा करने से लेकर बाहर खड़े होने तक की फोटो शेयर करते हुए लिखा है कि महादेव की कृपा सदैव उनके परिवार पर बनी रहे।
14 जुलाई 2024 को योगेश ने पत्नी के साथ फोटो शेयर की थी। फोटो के साथ लिखा है कि जन्म-जन्म का साथ है तुम्हारा हमारा। 11 जून को छोटे बेटे शिवांश के जन्मदिन कार्यक्रम की पारिवारिक फोटो, एक फरवरी को शादी की वर्षगांठ की फोटो और उससे पहले 14 दिसंबर 2023 को बेटी श्रद्धा के जन्मदिन के कार्यक्रम की फोटो शेयर की हुई है। पत्नी के साथ कई अन्य फोटो भी फेसबुक पर शेयर की हुई है। सवाल यह है कि क्या उसका प्यार दिखावा था, क्योंकि कोई कितना भी क्रूर क्यों न हो कम से कम मासूमों के साथ ज्यादती करते हुए हाथ जरूर कांपेंगे। दूसरा सवाल यह है कि यदि प्यार सच्चा था तो ऐसा क्या हुआ, जिसने योगेश को हैवान बना दिया।