- पानी की सप्लाई बंद होने से सहारनपुर स्टेशन पर बीएसएफ जवानों की स्पेशल ट्रेन।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। रेलवे की अव्यवस्थाओं के चलते बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के जवानों की स्पेशल ट्रेन को सात घंटे से भी ज्यादा समय तक सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रखना पड़ा। ट्रेन के दो कोच में पानी नहीं पहुंच रहा था और शौचालय की लाइन भी बंद हो गई थी।
यह ट्रेन पंजाब के फिरोजपुर से चली थी, जो मुरादाबाद की तरफ जानी थी। पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे यह ट्रेन सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसके बाद टीम लीडर रावत और अन्य जवानों ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कोच) के कक्ष में पहुंचकर बताया कि ट्रेन को दो एसी कोच में पानी नहीं पहुंच रहा है तथा शौचालय की लाइन भी बंद है। इस बारे में उन्होंने अंबाला रेलवे स्टेशन पर भी शिकायत की थी तो, एक उच्चाधिकारी के पीआरओ को भी कॉल करके बताया था। अंबाला में उनसे कह दिया गया कि सहारनपुर स्टेशन पर पहुंचकर समस्या का समाधान करा सकते हो। इसके बाद सहारनपुर में भी रेलवे कर्मियों ने उनसे कह दिया कि आगे मुरादाबाद स्टेशन पर जाकर मरम्मत कार्य करना लेना, इस पर बीएसएफ के जवानों ने कहा कि समस्या अब बनी है तो, मुरादाबाद जाकर समाधान क्यों होगा। इसके बाद स्थानीय रेलवे के कर्मियों ने मौके पर पहुंचे और कोच में पानी नहीं पहुंचने को लेकर जांच की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इस कारण शाम साढ़े पांच बजे तक भी यह ट्रेन सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही।
उधर, वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक कपिल शर्मा का कहना है कि कर्मियों ने जांच की, जिसमें पता चला कि इलेक्ट्रिक मोटर काम नहीं करने की वजह से पानी की सप्लाई बाधित है, जो यहां ठीक नहीं हो सकती है। यह कार्य वर्कशॉप में ही हो सकता है।
- सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर बीएसएफ जवानों की स्पेशल ट्रेन में पानी सप्लाई बंद होने को लेकर जांच कर?- फोटो : SAHARANPUR